स्वरोजगार योजना से दीपिका ने बदली तकदीर, खुद बनीं उद्यमी और पांच लोगों को दिया रोजगार

ख़बर शेयर करें

स्वरोजगार योजना से दीपिका ने बदली तकदीर, खुद बनीं उद्यमी और पांच लोगों को दिया रोजगार

हल्द्वानी। कभी बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी पाने का सपना देखने वाली हल्द्वानी की दीपिका सनवाल आज खुद की पहचान बनाने के साथ ही दूसरों को रोजगार देने वाली उद्यमी बन गई हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता नहीं मिलने पर उन्होंने हार मानने के बजाय स्वरोजगार का रास्ता चुना। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की मदद से उन्होंने मेकअप स्टूडियो शुरू किया और अपनी मेहनत व हुनर के दम पर व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

यह भी पढ़ें 👉  रामगढ़ महाविद्यालय में छात्र छात्राओं को दिया स्व जनगणना का प्रशिक्षण

दीपिका ने वर्ष 2022-23 में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की हल्द्वानी शाखा से सात लाख रुपये की परियोजना के लिए ऋण प्राप्त किया। इसमें बैंक ने 6.65 लाख रुपये का ऋण वितरित किया, जबकि 35 हजार रुपये का अंशदान उन्होंने स्वयं किया। योजना के तहत उन्हें 1.05 लाख रुपये की सब्सिडी भी मिली।

दीपिका ने लैक्मे एकेडमी से मेकअप का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद हल्द्वानी में ‘दीपिका सनवाल मेकअप स्टूडियो’ की शुरुआत की। शुरुआत में खुद को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस काम को उन्होंने धीरे-धीरे एक सफल व्यवसाय का रूप दे दिया। आज उनके स्टूडियो में ब्राइडल मेकअप, पार्टी मेकअप, हेयर स्टाइलिंग और फेशियल समेत कई तरह की ब्यूटी सेवाएं उपलब्ध हैं।

यह भी पढ़ें 👉  गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत रोहित आर्या छह माह के लिए जिला बदर

दीपिका की मेहनत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनके स्टूडियो का वार्षिक कारोबार करीब 10 लाख रुपये तक पहुंच गया है। उनके इस उद्यम से अब तक पांच लोगों को रोजगार मिल चुका है। इसके साथ ही वह अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  330 नशीले इंजेक्शनों के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक सीज

दीपिका की सफलता की कहानी उन युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो नौकरी की तलाश में हैं और अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से प्रदेश में युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिल रहे हैं।

Join WhatsApp Group
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page