कोचिंग सेंटर अग्निकांड: धुएं में घुटी छात्रों की सांसें, कई की मौत

ख़बर शेयर करें

लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड: धुएं में घुटी छात्रों की सांसें, कई की मौत
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार दोपहर एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने पूरे शहर को झकझोर दिया। हादसे में कई छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही इमारत के अंदर धुआं तेजी से फैल गया, जिससे छात्रों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका।
बताया गया कि जिस इमारत में आग लगी, उसके पहले और दूसरे तल पर पेट शॉप और गेमिंग जोन संचालित हो रहे थे, जबकि तीसरे तल पर कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी थी। दोपहर करीब तीन बजे आग लगने के समय बिल्डिंग में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि कई छात्र जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ छात्र बाथरूम और छोटे कमरों में छिप गए, लेकिन धुएं और तेज लपटों के कारण वे बाहर नहीं निकल पाए।
गेमिंग जोन में काम करने वाले उत्तराखंड निवासी पंकज कुमार ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर पर पेट हाउस के बिल बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। करीब 30 मिनट में आग ने दूसरे तल को भी अपनी चपेट में ले लिया। गेमिंग जोन कर्मचारी भुवन कुमार ने बताया कि आग की इस घटना में उनके चचेरे भाई आदित्य की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि करीब एक घंटे में सब कुछ तबाह हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और दमकल विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पीछे की दीवार तोड़कर भी छात्रों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, एसीएस होम संजय प्रसाद, डीजीपी राजीव कृष्णा सहित जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी राहत कार्यों में जुटे रहे।
मुख्यमंत्री ने दौरा रद्द कर लौटने का लिया निर्णय
लखनऊ अग्निकांड की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ में प्रस्तावित रात्रि प्रवास का कार्यक्रम रद्द कर राजधानी लौटने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि लखनऊ में आग की घटना में बच्चे प्रभावित हुए हैं और उनकी चिंता है। मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव गृह को घटना की जांच के निर्देश दिए हैं और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि अंतिम कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। हादसे के बाद शहर में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं लोग कोचिंग सेंटरों और व्यावसायिक इमारतों में सुरक्षा इंतजामों की जांच की मांग कर रहे हैं।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page