एमबीपीजी में लिंगदोह समिति की बैठक, प्रत्याशियों को चुनावी नियमों का पाठ
बिना आईकार्ड प्रवेश पर रोक, प्रिंटेड पोस्टर और रैली पर प्रतिबंध
हल्द्वानी। आगामी छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नियमों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए सोमवार को एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में लिंगदोह समिति की बैठक आयोजित की गई। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस, प्रशासन, कॉलेज प्रशासन और छात्रसंघ चुनाव के संभावित प्रत्याशियों ने भाग लिया।
बैठक में सभी संभावित प्रत्याशियों को लिंगदोह समिति के निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। उन्हें समिति और विश्वविद्यालय की ओर से जारी चुनाव संबंधी निर्देशिका भी वितरित की गई तथा नियमों के पालन को लेकर हस्ताक्षर करवाए गए।
बिना आईकार्ड कॉलेज में प्रवेश नहीं
बैठक में स्पष्ट किया गया कि कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी बिना पहचान पत्र के परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं बाहरी व्यक्तियों का कॉलेज परिसर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
प्रिंटेड पोस्टर और रैली पर रोक
चुनाव प्रचार के दौरान कॉलेज परिसर या उसके बाहर किसी भी प्रकार के प्रिंटेड पोस्टर लगाने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रत्याशी प्रचार के लिए केवल हाथ से बनाए पोस्टर और पंपलेट का इस्तेमाल कर सकेंगे। कॉलेज परिसर में किसी भी कार्यक्रम या प्रचार के लिए कॉलेज प्रशासन से कम से कम एक दिन पहले अनुमति लेना अनिवार्य होगा। कॉलेज परिसर की सड़क से बाहर रैली आदि के आयोजन पर भी रोक रहेगी।
रात में प्रचार किया तो होगी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया कि रात के समय कॉलेज परिसर में अनावश्यक घूमने अथवा प्रचार-प्रसार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे कृत्य को छात्र का नहीं, बल्कि आम नागरिक का कृत्य मानते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अधीनस्थ अधिकारियों को छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट एबी बाजपेयी, एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, एमबीपीजी प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह बनकोटी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र सिंह रौतेला, छात्रसंघ प्रभारी डॉ. एलएम पांडे, डॉ. मनीषा तिवारी, डॉ. एसके श्रीवास्तव, डॉ. एचएस भाकुनी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, चौकी प्रभारी भोटियापड़ाव कृपाल सिंह सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशी मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

