ब्रेकिंग::12 मदिरा की दुकानों पर छापेमारी, कई अनियमितताएं उजागर

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी में 12 मदिरा दुकानों पर छापेमारी, कई अनियमितताएं उजागर

जनपद नैनीताल के हल्द्वानी क्षेत्र में संचालित देशी और विदेशी मदिरा दुकानों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सख्त रुख अपनाया है। उनके निर्देश पर आबकारी विभाग ने बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने काठगोदाम, नैनीताल रोड, तिकोनिया, लोहरियासाल और कुसुमखेड़ा समेत विभिन्न स्थानों पर स्थित कुल 12 मदिरा दुकानों का गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई दुकानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण में पाया गया कि कई दुकानों में स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं था, सीसीटीवी कैमरे बंद मिले और नई दरों की रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं की गई थी। इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकानों के चालान किए गए तथा आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण जिला आबकारी अधिकारी नैनीताल को भेजा गया है।
आबकारी टीम ने सभी विक्रेताओं और अनुज्ञापियों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि निर्धारित दरों पर ही मदिरा की बिक्री सुनिश्चित करें और सभी नियमों का पालन करें। स्पष्ट किया गया कि भविष्य में अनियमितता मिलने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी अभियान में आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र सिंह बिष्ट, उप आबकारी निरीक्षक कैलाश चंद जोशी तथा प्रधान आबकारी सिपाही चंद्रशेखर कांडपाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page