ब्रेकिंग: नंदा देवी डोला विसर्जन पर भवाली में ट्रैफिक प्लान लागू, बाजार में भारी व यात्री वाहनों की एंट्री बंद
भवाली। मां नंदा देवी महोत्सव के डोला विसर्जन एवं झांकी के अवसर पर 23 सितंबर को भवाली में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके तहत भवाली बाजार क्षेत्र में भारी एवं यात्री वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
रामगढ़-घोड़ाखाल की ओर से आने वाले वाहनों को आवश्यकतानुसार श्यामखेत से घोड़ाखाल मंदिर-घोड़ाखाल तिराहा-नैनी बैंड प्रथम होते हुए भेजा जाएगा। वहीं खैरना-कैंची की ओर से आने वाले वाहनों को शिप्रा पुल से सैनेटोरियम बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
नैनीताल-ज्योलीकोट की ओर से अल्मोड़ा, रानीखेत व कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड द्वितीय से सैनेटोरियम बाईपास होते हुए शिप्रा पुल की ओर भेजा जाएगा। भीमताल की ओर से आने वाले वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
मुख्य बाजार और आयोजन स्थल के आसपास सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। वाहन चालकों से नगरपालिका मैदान और रोडवेज पार्किंग में वाहन खड़े करने की अपील की गई है। भीड़ बढ़ने पर यातायात को चरणबद्ध तरीके से रोका या डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार एम्बुलेंस, अग्निशमन, पुलिस, आपदा राहत-बचाव तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर उपलब्ध रहेगा। डायवर्जन प्वाइंटों, तिराहों, आयोजन स्थल और पार्किंग क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस एवं यातायात बल तैनात रहेगा।
यातायात व्यवस्था 23 सितंबर को कार्यक्रम और भीड़ की स्थिति के अनुसार प्रभावी रहेगी। परिस्थितियों के अनुसार पुलिस द्वारा अतिरिक्त डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

