गरमपानी में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, भाजपा छोड़ दो दर्जन से अधिक लोग कांग्रेस में शामिल
नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत, संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने का लिया संकल्प
गरमपानी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से गरमपानी में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रभारी डॉ. गणेश उपाध्याय का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। वहीं संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने पर नवनियुक्त पदाधिकारियों का भी स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में हर्षित तिवारी को जिला सचिव, देवेंद्र बिष्ट को ब्लॉक अध्यक्ष, त्रिभुवन पाठक को ब्लॉक महामंत्री, प्रताप गौणी को न्याय पंचायत अध्यक्ष तथा जेडी कत्यूरा को जिला महामंत्री नियुक्त किए जाने पर कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
इस दौरान कांग्रेस को बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली। भाजपा से जुड़े दो दर्जन से अधिक लोगों ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी।
वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नए पदाधिकारियों की नियुक्ति और बड़ी संख्या में लोगों के पार्टी में शामिल होने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए जुटने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



