एसआईआर कार्य के दबाव के बीच बीएलओ की मौत, पेड़ से लटका मिला शव

ख़बर शेयर करें

एसआईआर कार्य के दबाव के बीच बीएलओ की मौत, पेड़ से लटका मिला शव
पति ने काम के दबाव और लगातार फोन आने से तनाव में होने का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी
कांडा। कांडा थाना क्षेत्र के बांसतोली गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) कमला देवी (47) का शव घर के पास खेत में पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के पति पूरन राम ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य के दबाव और लगातार फोन आने के कारण पत्नी के मानसिक तनाव में होने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार बांसतोली निवासी कमला देवी पत्नी पूरन राम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता होने के साथ बीएलओ की जिम्मेदारी भी निभा रही थीं। रविवार सुबह वह रोज की तरह उठीं और पति के साथ चाय पी। इसके बाद करीब साढ़े पांच बजे पति गाय का दूध दुहने के लिए गोशाला चले गए। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो कमला देवी घर में नहीं थीं। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की तो घर के पास खेत में एक पेड़ से उनका शव फंदे पर लटका मिला।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बलवंत कंबोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
पति का वीडियो वायरल, काम के दबाव का आरोप
मृतका के पति पूरन राम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह आरोप लगा रहे हैं कि इन दिनों एसआईआर कार्य के चलते उनकी पत्नी पर काम का अत्यधिक दबाव था। उनका कहना है कि लगातार फोन आने से पत्नी मानसिक तनाव में थीं और इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया।
वहीं, 46 विधानसभा कपकोट के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अनिल चन्याल ने कहा कि कमला देवी ने बीएलओ रहते हुए सराहनीय कार्य किया। उन्होंने काम को लेकर किसी तरह के दबाव की शिकायत किसी मंच पर नहीं की थी। यदि उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई या दबाव था तो इसकी सूचना संबंधित उच्चाधिकारियों को दी जा सकती थी।
पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अन्य तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page