गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर गैस आपूर्ति व्यवस्था सुधारने को प्रशासन सख्त, होम डिलीवरी पर जोर

ख़बर शेयर करें

गैस आपूर्ति व्यवस्था सुधारने को प्रशासन सख्त, होम डिलीवरी पर जोर
हल्द्वानी, 28 मार्च 2026 (सूवि)।
शहर में गैस आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। नगर निगम सभागार हल्द्वानी में अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने सभी गैस एजेंसी प्रबंधकों और पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एचपीसीएल, बीपीसीएल और इंडेन गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों एवं सेल्समैन के साथ विस्तृत चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस वितरण नियमानुसार किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उपभोक्ताओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अधिक से अधिक होम डिलीवरी सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि लोगों को लंबी कतारों में न लगना पड़े।
उन्होंने एजेंसियों को निर्देशित किया कि बुकिंग के आधार पर ही सिलेंडरों का वितरण किया जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे। डिलीवरी कर्मियों को अपना मोबाइल फोन चालू रखने और उपभोक्ताओं के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में व्यवसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति कुल आवंटन का लगभग 20 प्रतिशत हो रही है, जिसे बढ़ाकर पूर्व के औसत के अनुसार करीब 40 प्रतिशत तक करने के प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में यह भी जोर दिया गया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए वितरण प्रणाली को और व्यवस्थित व पारदर्शी बनाया जाए।
अंत में प्रशासन ने आमजन से अपील की कि गैस को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा रही है।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन, विपिन जोशी सहित विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रबंधक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page