भवाली में बिजली के पोल में
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
भवाली। नगर के रेहड़ क्षेत्र में बिजली के पोल में लटकती नेटवर्क की तारे लोगो की जान पर भारी पड़ सकती है। गुरुवार देर शाम बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट होने से पोल पर लिपटी तारों में अचानक आग लग गई। आग लगते ही क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पोल पर आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विभाग के भास्कर फुलारा टीम के साथ पहुँचे और घरों से पानी लाकर किसी तरह आग पर काबू पाया।
सभासद किशन अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में बिजली के पोलों पर वाईफाई और अन्य नेटवर्क कंपनियों की तारें लटकाई गई हैं। इन अव्यवस्थित तारों के चलते आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि गुरुवार देर शाम शॉर्ट सर्किट से पोल पर लिपटी तारों में आग लग गई। इससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पहले भी करंट लगने का खतरा बना रहता है। बिजली विभाग को कई बार समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने विभाग से जल्द पोलों पर लटक रही अनावश्यक तारों को हटाने की मांग की है। एसडीओ वीबी जोशी ने बताया कि नेटवर्क कंपनियों को कई बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद पोलों पर तारों का जाल बना हुआ है। अब संबंधित कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



