35 साल बाद संवरा भवाली पर्यटन आवास गृह
- अब ‘नीब करौरी बाबा टीआरसी’ के नाम से होगी पहचान
भवाली। पर्यटन नगरी भवाली में स्थित पर्यटन आवास गृह का लंबे इंतजार के बाद जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण हो गया है। वर्ष 1988 में पर्यटकों की सुविधा के लिए कुमाऊँ मण्डल विकास निगम (केएमवीएन) द्वारा बनाए गए इस आवास गृह की स्थिति बीते कई वर्षों से बेहद जर्जर हो चुकी थी। करीब 35 वर्षों तक इसकी सुध नहीं ली गई, जिसके चलते सभी कमरों की हालत खस्ता हो गई थी। इस पर्यटन आवास गृह का 20 अप्रैल 1988 को तत्कालीन उत्तर प्रदेश पर्वतीय राज्य विकास मंत्री राम औतार दीक्षित द्वारा उद्घाटन किया गया था। अपने स्वर्णिम दौर में यह आवास गृह पर्यटकों के साथ साथ शादी, नामकरण, जन्मदिन एवं वीआईपी कार्यक्रमों के आयोजन का प्रमुख केंद्र रहा है।लंबे समय बाद कराए गए जीर्णोद्धार कार्य के अंतर्गत भवन की संरचना को मजबूत करने के साथ साथ आधुनिक सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। नवीनीकरण के बाद यहां 9 सुसज्जित कमरे एवं 8 डोरमेट्री तैयार की गई हैं, जिससे पर्यटकों को बेहतर ठहराव की सुविधा मिल सकेगी। जीर्णोद्धार के बाद अब भवाली के इस पर्यटन आवास गृह को ‘नीब करौरी बाबा टीआरसी’ के नाम से जाना जाएगा। इससे कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को ठहरने की अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन आवास गृह के पुनर्जीवित होने से भवाली के पर्यटन को नई गति मिलेगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहा यह भवन अब एक बार फिर पर्यटन मानचित्र पर अपनी पहचान बनाने को तैयार है।
कोट..
9 कमरें बनकर तैयार हो गए हैं। नीब करौरी बाबा के नाम से टीआरसी जाना जाएगा। 8 डोरमेट्री तैयार हो गई है।
ललित मोहन पाण्डे, प्रबंधक टीआरसी भवाली
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

