रक्षा बंधन से पहले खंश्ययू बज़ार में खाद्य विभाग की छापेमारी,पांच नमूने जाँच को भेजे

ख़बर शेयर करें

धारी/भीमताल- रक्षाबंधन और श्रावण मास के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खनस्यु बाजार में खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक किराना और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दो खाद्य प्रतिष्ठानों से टोमैटो सॉस, गुलाब जामुन मिक्सचर, दलिया, चायपत्ती और कुरकुरे के कुल पांच खाद्य नमूने गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। इसके अलावा खनस्यु स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के रसोईघर एवं खाद्य भंडार का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में विद्यालय में खाद्य लाइसेंस संबंधी नियमों का पालन संतोषजनक पाया गया। विद्यालय प्रभारी को नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई रखने, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने तथा बाजार में बिक रही रंग-बिरंगी कचरी का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में मिलावटी या खराब खाद्य सामग्री की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट या अन्य अनियमितता पाए जाने अथवा खाद्य नमूने जांच में असफल होने पर संबंधित के खिलाफ एफएसएस अधिनियम-2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आमजन से भी खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका होने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, पैक्ड खाद्य पदार्थों पर निर्माण एवं समाप्ति तिथि अंकित करने, रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, बिल देने तथा एफएसएसएआई लाइसेंस प्रदर्शित करने सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page