राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह आईओसी डिपो के सामने बने बेतरतीब कट पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कट पार करने के दौरान ऑटो और कार की आमने-सामने टक्कर में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी के लाइन नंबर 10 आजाद नगर, बनभूलपुरा निवासी शोएब अपने भाई शाहरुख और अन्य परिजनों के साथ ऑटो (संख्या यूके04टीबी-2641) से लालकुआं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आईओसी डिपो के सामने हाईवे पर बने कट को पार कर रही नेक्सॉन कार (संख्या यूके04 एएन-4247) से ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ऑटो में चार बच्चों समेत कुल नौ लोग सवार थे। हादसे में गफूर बस्ती निवासी रोजी (28 वर्ष), पत्नी शाहरुख की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शाहरुख (35 वर्ष), उनके बच्चे अरहान (10 वर्ष), अर्श (8 वर्ष), उजैर (4 वर्ष) और मन्नत (4 माह), साथ ही ऑटो चालक शोएब का पुत्र रफीक, मुकद्दस (45 वर्ष) और मेहरू बी अंसारी (14 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल हल्द्वानी के अस्पताल भिजवाया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने बेतरतीब कट लगातार हादसों की वजह बन रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इन कटों को व्यवस्थित करने, स्पीड कंट्रोल उपाय लागू करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
फोटो परिचय: आईओसी डिपो के सामने कट पर भिड़ंत के बाद पलटा ऑटो और सड़क पर गिरे घायल।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

