नैनीताल, भीमताल और भवाली में लगेंगे AI आधारित ANPR कैमरे, पर्यटन क्षेत्रों की होगी स्मार्ट निगरानी
हल्द्वानी, 24 अप्रैल। पर्यटन नगरी नैनीताल, भीमताल और भवाली सहित जनपद के प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों में अब AI आधारित ANPR (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरों से निगरानी की जाएगी। आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने बताया कि विकास प्राधिकरण द्वारा 33 लाख रुपये की लागत से स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत यह व्यवस्था लागू की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इन कैमरों के माध्यम से वाहनों की नंबर प्लेट पहचान कर उनकी आवाजाही, गति नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। साथ ही शहर में कितने वाहन प्रवेश कर रहे हैं और कितने बाहर जा रहे हैं, इसका वैज्ञानिक डाटा सेंटर में उपलब्ध रहेगा, जिसकी निगरानी मोबाइल से भी की जा सकेगी।
आयुक्त ने बताया कि नैनीताल शहर में पहले से संचालित एएनपीआर कैमरों के जरिए नगर पालिका द्वारा वसूले जा रहे टोल टैक्स की भी निगरानी संभव होगी। इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि वसूली सही तरीके से हो रही है या नहीं।
बैठक में पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कैंचीधाम गेट के पास 15 जून 2026 मेले से पहले कैमरा लगाया जाए। इससे मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का शत-प्रतिशत आंकलन किया जा सकेगा। कैमरा लगाने के लिए बैठक में ही धनराशि स्वीकृत कर दी गई।
शुक्रवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित बैठक में पुलिस विभाग ने नैनीताल, भवाली और कैंचीधाम में कैमरों के जरिए वाहनों की मॉनिटरिंग से संबंधित डाटा प्रस्तुति दी। बीते 24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार हल्द्वानी से नैनीताल 3958 वाहन, नैनीताल से हल्द्वानी 1577 वाहन, भवाली से नैनीताल 2540 तथा नैनीताल से भवाली 2323 वाहनों का आवागमन दर्ज किया गया।
बैठक में एएसपी आरडी मठपाल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

