ओखलकांडा के दूरस्थ गांवों में CITH द्वारा कृषि प्रशिक्षण एवं सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित
धारी। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के अंतर्गत केंद्रीय शीतोष्ण बागवानी संस्थान (CITH) क्षेत्रीय कार्यालय मुक्तेश्वर द्वारा अनुसूचित जाति–अनुसूचित जनजाति उप योजना के तहत ओखलकांडा ब्लॉक की दूरस्थ ग्राम सभाओं में कृषि प्रशिक्षण एवं कृषि उपयोगी सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम पूर्व ग्राम प्रधान भुमका मुकेश चंद्र बौद्ध के सहयोग एवं समन्वय से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के तहत ज़मराडी, टकुरा, पुटपुरी, रैकुना, पेटना, थलाडी और कावेदल ग्राम सभाओं के कृषकों को वैज्ञानिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया तथा कृषि उपयोगी सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर मुकेश चंद्र बौद्ध ने कहा कि उन्होंने विभाग और ग्रामीणों के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करते हुए इस कार्यक्रम को आयोजित कराने में भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित होंगे, जिससे विशेषकर ओखलकांडा ब्लॉक के किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती का लाभ मिल सके।
उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सक्रिय उपस्थिति और सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। साथ ही उन्होंने सभी सम्मानित ग्राम प्रधानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से योजना का लाभ प्रत्येक गांव तक पहुंच सका।
कार्यक्रम में संस्थान से आए वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अरुण किशोर, वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी विनोद चंद्र, सहायक प्रशासनिक अधिकारी दीवान तथा नारायण सिंह सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही। मुकेश चंद्र बौद्ध ने सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुरोध पर पूर्व में भी संस्थान द्वारा क्षेत्र के गांवों को लाभान्वित किया गया था और इस बार भी दूरस्थ गांवों को प्राथमिकता दी गई।
वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अरुण किशोर ने कहा कि भविष्य में भी अनुसूचित जाति उप योजना के अंतर्गत क्षेत्र के गांवों को लाभान्वित करने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि शासन एवं प्रशासन से आवश्यक वित्तीय सहयोग प्राप्त होने पर किसानों को विभिन्न कृषि एवं बागवानी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में भुवन चंद्र (ग्राम प्रधान रैकुना), किरण देवी (ग्राम प्रधान थलाडी), बलवीर सिंह (ग्राम प्रधान ज़मराडी), रोशन आर्य (ग्राम प्रधान पुटपुरी), कमल सिंह बोरा (ग्राम प्रधान पेटना), कुशमा देवी (ग्राम प्रधान टकुरा) सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रवासियों एवं समस्त ग्राम प्रधानों ने संस्था तथा मुकेश चंद्र बौद्ध का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

