गरमपानी- क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और कारोबार पर रोक लगाने के लिए राजस्व विभाग और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को सख्त निरीक्षण अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कई दुकान संचालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने बाजार क्षेत्र में विभिन्न दुकानों की जांच की, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक कार्यों में उपयोग पाए जाने पर तीन सिलेंडर जब्त कर लिए गए।
पूर्ति निरीक्षक अनिता पन्त ने बताया कि जांच के दौरान कुछ दुकान संचालक घरेलू गैस का उपयोग होटल और अन्य व्यावसायिक कार्यों में करते पाए गए, जो नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन सिलेंडरों को जब्त किया गया।
अभियान के दौरान विभागीय टीम ने दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कि भविष्य में घरेलू गैस का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्यों में न किया जाए। यदि दोबारा ऐसा पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पूर्ति निरीक्षक अनिता पन्त ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध गैस कारोबार और घरेलू गैस के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगे भी इस प्रकार के छापेमारी अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान अभियान में उपजिलाधिकारी मोनिका, तहसीलदार भुवन भण्डारी, पूर्ति निरीक्षक मझेड़ा अनिता पन्त, राजस्व उपनिरीक्षक कमल जोशी इत्यादि लोग मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

