अवैध सड़क निर्माण पर प्रशासन सख्त, बिना अनुमति कटे दो दर्जन पेड़
धारी।
तहसील क्षेत्र के ग्राम कौल में बिना किसी अनुमति के भूमि खुदान कर अवैध रूप से सड़क निर्माण और कई पेड़ों की कटान का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर धारी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बाहरी बिल्डरों द्वारा जेसीबी मशीन से भूमि में बिना परमिशन खुदाई कर अवैध सड़क बना डाली गई। इस दौरान करीब दो दर्जन पेड़ भी काटे गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी धारी अंशुल भट्ट, राजस्व उपनिरीक्षक निर्मल बोरा एवं रेंजर विजय भट्ट ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि कार्य पूरी तरह अवैध है और इसके लिए किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी।
प्रशासन ने अवैध कार्य में प्रयुक्त जेसीबी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राजस्व उपनिरीक्षक निर्मल बोरा ने मौके की पूरी रिपोर्ट तैयार कर उपजिलाधिकारी को सौंप दी है।
उपजिलाधिकारी अंशुल भट्ट ने बताया कि अवैध रूप से काटे गए पेड़ों की गिनती की जा रही है, जिसके आधार पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जेसीबी की पहचान होते ही उसे सीज किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध निर्माण और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

