एसआईआर अभियान में लापरवाही पर कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई, नैनीताल में डिजिटाइजेशन की धीमी गति पर जताई नाराजगी

ख़बर शेयर करें

एसआईआर अभियान में लापरवाही पर कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई, नैनीताल में डिजिटाइजेशन की धीमी गति पर जताई नाराजगी
हल्द्वानी, 23 जून। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की तैयारियों को लेकर मंगलवार को नगर निगम सभागार हल्द्वानी में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड ने की। बैठक में जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और उपजिलाधिकारियों ने भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने एसआईआर कार्यों में लापरवाही और लेटलतीफी करने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने नैनीताल जिले में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की प्रगति 48.5 प्रतिशत होने पर असंतोष जताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र वितरण और डिजिटाइजेशन कार्य की नियमित निगरानी की जाए तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट भारत निर्वाचन आयोग को भेजी जाए।
बैठक में उन्होंने कम प्रगति वाले बूथों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एईआरओ सुबह सात बजे से फील्ड में जाकर बीएलओ की उपस्थिति और कार्यों की निगरानी करें। बीएलओ की वर्तमान लोकेशन के आधार पर प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज कराई जाए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जिन बूथों पर एसआईआर की प्रगति कम थी, वहां तकनीकी और अन्य समस्याओं का समाधान कर दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से निर्वाचन आयोग के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने की अपील की।
बैठक में निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी पारितोष वर्मा, एपी बाजपेयी, मोनिका, नवाजिश खलिक, गोपाल सिंह चौहान, अनुराग आर्य, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पाण्डे सहित एसआईआर से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page