शहर के सात नंबर क्षेत्र स्थित ब्रिटिशकालीन आवासीय भवन ‘ग्लेनमोर कोठी’ में रविवार को अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। भवन से उठती लपटें और घना धुआं देख क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।जानकारी के अनुसार, सात नंबर क्षेत्र में स्थित इस ऐतिहासिक कोठी में ललित तिवारी अपने परिवार के साथ लंबे समय से निवास कर रहे हैं। बीते दिनों वह अपनी पत्नी के साथ गुरुग्राम में बेटी के घर गए हुए थे। रविवार को जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचे, पड़ोसियों ने उन्हें भवन से धुआं उठने की जानकारी दी। आनन-फानन में उन्होंने घर का कमरा खोला तो भीतर आग की लपटें उठती दिखाई दीं।घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। इस बीच आसपास के लोग भी आग बुझाने में जुट गए, लेकिन तेज हवाओं के चलते आग ने जल्द ही विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरी कोठी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि तब तक भवन को भारी नुकसान पहुंच चुका था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

