भवाली। ‘जन-जन की सरकार, जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत रामगढ़ विकासखंड की न्याय पंचायत प्यूरा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिलंगधार में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य क्षेत्र की विभिन्न ग्राम सभाओं के लोगों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर समस्याओं का निस्तारण कर लाभ पहुंचाना रहा। शिविर में समाज कल्याण, विद्युत, पेयजल, ग्राम्य विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, पशुपालन, उद्यान, कृषि, स्वास्थ्य, महिला कल्याण और बाल विकास समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने राशन कार्ड धारकों से अपने कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों की ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी संबंधित राशन की दुकान के साथ घर बैठे ‘मेरा ई-केवाईसी’ एप के माध्यम से भी की जा सकती है। राशन कार्ड में संशोधन के लिए विभागीय वेबसाइट पर सिटीजन लॉगिन की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत प्राथमिक परिवार और अंत्योदय अन्न योजना के लाभार्थियों को वर्तमान में निशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
शिविर में खाद्य विभाग ने मौके पर राशन कार्ड में ऑनलाइन संशोधन कर पांच लाभार्थियों को लाभान्वित किया। विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 134 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिला। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर निस्तारण किया और संबंधित योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी रामगढ़ शुभम अग्रवाल और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बाल विकास परियोजना अधिकारी पार्वती कोरंगा की उपस्थिति में लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी वितरित की।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

