गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा, दो और शातिर गिरफ्तार
दो तमंचे, चार कारतूस, वरना कार और 1.40 लाख रुपये की लूटी नकदी बरामद
हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त वरना कार और लूटी गई रकम में से 1.40 लाख रुपये बरामद किए हैं। मामले में अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
19 अगस्त को डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि गोरापड़ाव क्षेत्र में 10-12 हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की है। वादी नारायण दास निवासी अंबा विहार, तीनपानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हथियारबंद बदमाशों ने उनके कार्यालय/गैराज में डकैती डालकर करीब आठ लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन तथा सोने की तीन चेन व अंगूठी लूट ली थी। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए करीब 50 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित कीं। एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस व डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर पूर्व में यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह और अफजल मलिक को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस टीम ने अब तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से 27 अगस्त को हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से साहब सिंह उर्फ साबी और गुरवंत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने डकैती में शामिल होना स्वीकार किया।
गिरफ्तार साहब सिंह के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस, 89,700 रुपये और वरना कार संख्या UK-08-7517 बरामद हुई। वहीं गुरवंत सिंह से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस और 50,300 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। साहब सिंह के खिलाफ नानकमत्ता, केलाखेड़ा, दिनेशपुर और रामनगर थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि गुरवंत सिंह के खिलाफ नानकमत्ता थाने में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल ने टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

