गरमपानी- खैरना क्षेत्र के लोहली गांव में सोमवार देर रात एक युवक द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोहली निवासी बालम सिंह उम्र 40 वर्ष पुत्र कुन्दन सिंह, को सोमवार शाम खैरना पुलिस द्वारा चौकी में लाकर चालानी कार्रवाई की गई थी। परिजनों का आरोप है कि इस घटना के बाद युवक गहरे सदमे में आ गया था, जिसके चलते उसने देर रात यह आत्मघाती कदम उठा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार दोपहर तक मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है, ताकि साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया जा सके और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
इधर, भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि मामले में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवक के खिलाफ शराब पीने के मामले में चालानी कार्रवाई की गई थी, जिसके बाद उसे सुपुर्दगी में घर भेज दिया गया था। पुलिस के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि बालम सिंह करीब 15 दिन पहले ही गुजरात से अपने गांव लोहली लौटे थे और मंगलवार को पुनः नौकरी के लिए गुजरात जाने वाले थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अपने पीछे वे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

