बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित, कुप्रथा रोकने के लिए किया जागरूक
- भीमताल सीएचसी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने बाल विवाह के दुष्परिणाम और कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी
भीमताल। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शुक्रवार को बाल विकास परियोजना भीमताल की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल के सभागार में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। अभियान के तहत 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक 100 दिवसीय कार्यक्रम चलाकर लोगों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि प्रभारी प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत मर्तोलिया ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कम उम्र में विवाह होने से बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बाल विवाह के कारण होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी देते हुए इस कुप्रथा को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
पुलिस विभाग की सब इंस्पेक्टर अंजुला जॉन ने बाल विवाह रोकने के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए लोगों से ऐसी घटनाओं की जानकारी संबंधित विभागों को देने की अपील की। विवाह सेवा प्रदाता एवं शास्त्री प्रदीप पांडे ने कहा कि वह अपने 20 वर्षों के वैवाहिक कार्यकाल में बाल विवाह से संबंधित किसी भी आयोजन में शामिल नहीं हुए हैं। उन्होंने बाल विवाह मुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के नवाब खान ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत कानूनी प्रावधानों और विधिक सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह रोकने के लिए कानून में प्रावधान किए गए हैं और समाज के प्रत्येक व्यक्ति की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. रेनू मर्तोलिया, सुपरवाइजर बबली हुसैन, हेमा मासीवाल समेत क्षेत्र की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



