गरीबों को भी विधानसभा और सदनों तक पहुंचाने की लड़ाई लड़ेंगे: गिरीश चन्द्र

ख़बर शेयर करें

भवाली टैक्सी स्टैंड चौराहे से वाहन चालकों से मुलाकात कर शुरू किया चुनाव प्रचार

सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा और विद्यार्थियों को विश्व के सात अजूबों की सैर कराने का दिया प्रस्ताव

भवाली। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर नैनीताल विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे गिरीश चन्द्र ने शुक्रवार को भवाली टैक्सी स्टैंड चौराहे से अपने चुनाव प्रचार की की। इस दौरान उन्होंने वाहन चालकों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर अपनी विचारधारा और चुनावी योजनाओं को साझा किया। उनके साथ भानु बिष्ट, हरीश आर्य, अंकित गौरव, विपिन आर्या, दीपक जोशी और भूपेंद्र आर्य समेत अन्य साथी व पदाधिकारी मौजूद रहे।
वाहन चालकों और लोगों को संबोधित करते हुए गिरीश चन्द्र ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बारी-बारी से दोनों दलों ने प्रदेश में शासन किया, लेकिन गरीब और मजदूर वर्ग के लिए मौन पालन, भैंस पालन और मछली पालन जैसी स्वरोजगार योजनाओं को अपेक्षित रूप से आगे नहीं बढ़ाया। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़पति नेताओं के बच्चे विदेशों और महंगे स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जबकि गरीबों के बच्चों के सरकारी स्कूलों की अनदेखी कर उन्हें बंद किया जा रहा है।
उन्होंने अपनी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को सरकारी खर्च पर दुनिया के सात अजूबों की सैर कराई जानी चाहिए, ताकि वे वहां जाकर शोध और अध्ययन कर सकें। इसके साथ ही उन्होंने प्रस्ताव रखा कि जिलाधिकारी और एसएसपी को अनिवार्य रूप से सरकारी स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद करना चाहिए और उन्हें बताना चाहिए कि इन पदों तक पहुंचने के लिए किस तरह की पढ़ाई और तैयारी करनी होती है। इससे बच्चों को अपने भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करने में मदद मिलेगी।
प्रत्याशी ने न्याय व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए लालकुआं के एक गरीब व्यक्ति का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति पिछले एक साल से निशुल्क अधिवक्ता पाने के लिए बार-बार आवेदन कर रहा है, लेकिन उसे अब तक अधिवक्ता उपलब्ध नहीं कराया गया। उन्होंने इसे गरीबों की न्याय तक पहुंच में बड़ी बाधा बताया।
वहीं, भवाली के पिकअप चालकों की रोजी-रोटी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि शहर में अवैध रूप से जमा किए जा रहे रेता-बजरी के स्टॉक और इसके चलते वाहन चालकों के सामने खड़े रोजगार के संकट को लेकर चालकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया था। एक माह बीतने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि उनकी विचारधारा का उद्देश्य गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों को भी विधानसभा और देश के अन्य सदनों तक पहुंचाना है, ताकि करोड़पतियों का राजनीतिक वर्चस्व खत्म हो और आम आदमी की आवाज भी सदनों में सुनाई दे। उन्होंने कांग्रेस नेता हरीश रावत, यशपाल आर्य, राहुल गांधी, मुख्यमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री से अपील की कि यदि वे वास्तव में गरीबों के हितों की चिंता करते हैं तो उनकी विचारधारा का समर्थन करें। उन्होंने सभी नेताओं से इस मुद्दे पर अपना सार्वजनिक बयान जारी करने की भी अपील की।

Join WhatsApp Group
यह भी पढ़ें 👉  कैंची धाम पहुंचे भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी शक्तिकेंद्र बैठक में संगठन मजबूती पर दिया जोर
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page