बालिकाओं की प्रतिभा को मंच देगी विद्यालय की पहली वार्षिक पत्रिका ‘अनुगूँज’

ख़बर शेयर करें

बालिकाओं की प्रतिभा को मंच देगी विद्यालय की पहली वार्षिक पत्रिका ‘अनुगूँज’

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भवाली में भव्य समारोह के बीच हुआ पत्रिका का विमोचन

भवाली। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भवाली में मंगलवार को विद्यालय की प्रथम वार्षिक पत्रिका ‘अनुगूँज’ का भव्य विमोचन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल और विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से पत्रिका का विमोचन किया।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी भीमताल, माइंड पावर यूनिवर्सिटी भीमताल के डायरेक्टर और नगर पालिका अध्यक्ष भवाली विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष, विद्यालय की प्रधानाचार्या, प्रधान संपादक किरन उप्रेती, सह-संपादक शशिबाला सहित वरिष्ठ शिक्षिकाएं दीप्ति तिवारी, मीनाक्षी कांडपाल, अंजना पंत, रश्मि परिहार और अन्य शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
विद्यालय की पहली वार्षिक पत्रिका ‘अनुगूँज’ छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और विचारों को अभिव्यक्त करने का मंच बनेगी। पत्रिका में छात्राओं की कविताओं, कहानियों, लेखों और विभिन्न रचनाओं को स्थान दिया गया है। इसके माध्यम से छात्राओं में साहित्यिक अभिरुचि विकसित करने के साथ उनकी बहुमुखी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया है।
वक्ताओं ने इस पहल को विद्यालय के शैक्षिक और साहित्यिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। समारोह को विद्यालय के लिए एक नई उपलब्धि बताते हुए छात्राओं की सृजनात्मक क्षमता को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page