भवाली में शिक्षकों को कराया गतिविधि आधारित विज्ञान शिक्षण का प्रशिक्षण

ख़बर शेयर करें

भवाली। जीबी पंत इंटर कॉलेज भवाली में अगस्त्या इंटरनेशनल फाउंडेशन की ओर से भीमताल विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों के लिए दो दिवसीय विज्ञान प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जा रही है। मंगलवार को कार्यशाला के पहले दिन शिक्षकों को रसायन विज्ञान से जुड़े विभिन्न प्रयोग और हैंड्स-ऑन गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा बर्गली ने किया। प्रशिक्षण में भीमताल विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे शिक्षकों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। अगस्त्या इंटरनेशनल फाउंडेशन पिछले 25 वर्षों से विज्ञान शिक्षा में गतिविधि आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षण को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को ‘करके सीखने’ की पद्धति से परिचित कराना है, ताकि वह विद्यार्थियों को विज्ञान के विषयों को प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से आसानी से समझा सकें।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने स्वयं विभिन्न रसायन विज्ञान के प्रयोग किए और वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझा। साथ ही विद्यार्थियों में अवलोकन, प्रश्न पूछने, तर्क करने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के तरीकों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण अगस्त्या इंटरनेशनल फाउंडेशन के कैटलाइजर योगेश सिंह बिष्ट तथा सुपर इग्नेटर्स नवीन चंद तिवारी और मेघना शर्मा ने दिया। बुधवार को कार्यशाला के दूसरे दिन भौतिक विज्ञान एवं जीव विज्ञान से संबंधित विभिन्न प्रयोग और गतिविधियां कराई जाएंगी। आयोजकों ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को प्रयोगात्मक एवं गतिविधि आधारित विज्ञान शिक्षण के लिए सशक्त बनाना तथा विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच विकसित करना है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page