नवागत एसएसपी ने संभाली कमान, देर रात तक चली अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
- अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता, अधीनस्थों की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
- कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और साफ-सफाई का लिया जायजा
नैनीताल। जनपद के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने कार्यभार संभालने के बाद पुलिसिंग को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने देर रात तक जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से उनके कार्यक्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, संवेदनशील क्षेत्रों, कानून व्यवस्था की चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है, लेकिन प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी बात रखने का पूरा अवसर भी मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ बेहतर संवाद बनाए रखें और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कोई भी पुलिसकर्मी बिना झिझक उनके सामने अपनी समस्या रख सकता है। कार्मिकों की समस्याओं का हरसंभव समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नैनीताल प्रमुख पर्यटन जनपद है। यहां देश-विदेश से पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों का व्यवहार शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक होना जरूरी है। थाने, चौकी और पुलिस कार्यालय में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनकर प्राथमिकता के आधार पर उसका निस्तारण किया जाए। जनता के साथ बेहतर व्यवहार और पुलिस के प्रति विश्वास कायम करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है।
एसएसपी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी को एकजुट होकर जिम्मेदारी निभानी होगी। आने वाली चुनौतियों का सामना सामूहिक प्रयास और पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जाएगा।
बैठक के बाद एसएसपी ने कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैस की साफ-सफाई, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मैस में बेहतर साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी सिटी हरबंस सिंह, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, सीओ भवाली अंजना नेगी, सीओ हल्द्वानी लव शर्मा, सीओ भवाली विनय सिंह, सीओ ऑपरेशन समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह समेत जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी, प्रधान लिपिक, एकाउंटेंट, आशुलिपिक और पीआरओ मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



