300 मीटर गहरी खाई में गिरी इको कार, आठ लोगों की मौत, चार घायल

ख़बर शेयर करें

300 मीटर गहरी खाई में गिरी इको कार, आठ लोगों की मौत, चार घायल
रिखणीखाल के कलवाड़ी गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा, सभी 12 लोग भंगलवाड़ क्षेत्र के निवासी
पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान, मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक
भवाली। पौड़ी जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में शनिवार को भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। कलवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरी इको कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

यह भी पढ़ें 👉  सांसद ने जिला बार सभागार एवं कक्ष का वर्चुअली किया लोकार्पण

पुलिस के अनुसार शनिवार 28 नवंबर को थाना रिखणीखाल को सूचना मिली कि कलवाड़ी गांव के पास इको वाहन संख्या UK 15 TA 2152 दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है। वाहन रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और करीब 300 मीटर गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी 12 लोगों को खाई से बाहर निकाला। इनमें आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि चार लोग घायल मिले।
हादसे में भंगलवाड़ निवासी कांति देवी (45) पत्नी दिनेश चंद्र, रेखा देवी (42) पत्नी प्रेम सिंह, वाहन चालक अनिल देवराड़ा (48) पुत्र जयानंद, सुमित्रा देवी (50) पत्नी रमेश सिंह, सुनीता देवी (45) पत्नी मदन सिंह, धनेश्वरी देवी (46) पत्नी किशन चंद्र, सरोजनी देवी (38) पत्नी मोहन सिंह और रजनी देवी (25) की मौत हो गई। वहीं शशि देवी (35) पत्नी गजेंद्र सिंह, शकुंतला देवी (45) पत्नी महेंद्र सिंह, जगदीश सिंह पुत्र भोपाल सिंह और सत्यवती देवी (36) पत्नी जगदीश घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  एसएसपी ने मैस का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और साफ-सफाई का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश
रिखणीखाल के कलवाड़ी में हुए हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा।
एक ही गांव के आठ लोगों की मौत से भंगलवाड़ क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। कई परिवारों पर एक साथ दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page