जंतवाल गांव में ब्लॉक स्तरीय पशु प्रदर्शनी, सीता देवी का पशु बना चैम्पियन

ख़बर शेयर करें

जंतवाल गांव में ब्लॉक स्तरीय पशु प्रदर्शनी, सीता देवी का पशु बना चैम्पियन
भीमताल। विकासखंड भीमताल के ग्राम जंतवाल (लमजला) में पशुपालन विभाग द्वारा ब्लॉक स्तरीय पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने किया। प्रदर्शनी में क्षेत्र के पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने पशुओं का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में 60 से अधिक पशुपालकों ने प्रतिभाग किया, जिनके पशुओं के बीच विभिन्न श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा आयोजित की गई। प्रदर्शनी में बछिया, शंकर गाय, बद्री गाय, बैल जोड़ी तथा भैंस वर्ग में पशुओं का मूल्यांकन किया गया। निर्णायक मंडल ने पशुओं की नस्ल, स्वास्थ्य और रखरखाव के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
चैम्पियन पशु का पुरस्कार सीता देवी के पशु को प्रदान किया गया। विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार दिए गए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि इस प्रकार की पशु प्रदर्शनी से पशुपालकों को उन्नत नस्ल के पशु पालन के लिए प्रोत्साहन मिलता है और पशुपालन को स्वरोजगार के रूप में बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन बढ़ने से ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है और आधुनिक पशुपालन तकनीकों को अपनाने की दिशा में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वरिष्ठ पशु अधिकारी डॉ. दीक्षित ने पशुपालकों को पशुपालन से संबंधित तकनीकी जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान हेमा जंतवाल ने की।
इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलड़िया, बीडीसी सदस्य अजय जंतवाल, गौरव रमोला, कमल जंतवाल, सुमित जंतवाल, आन सिंह, कुंदन सिंह, दिवान सिंह, भुवन सिंह, रेवती देवी, रेखा देवी, लता देवी, डॉ. स्वाति भोज, डॉ. कमला, डॉ. विनीता सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page