- कांग्रेस में शामिल होने के बाद नैनीताल विधानसभा में बढ़ा दी सक्रियता
- व्यक्तिगत कार्यक्रमों के जरिए जनता के बीच पकड़ बनाने की तैयारी
भवाली। नैनीताल विधानसभा की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश में जुटे समाजसेवी शीलू कुमार अब सियासी मैदान में भी सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस का दामन थामने के बाद उनका अगला कदम अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाने की दिशा में माना जा रहा है।
सामाजिक गतिविधियों के जरिए क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाले शीलू कुमार अब व्यक्तिगत स्तर पर बड़े जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही आम लोगों को जोड़ने और क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की कोशिश करेंगे। खास बात यह है कि उनकी रणनीति किसी बड़े नेता के कार्यक्रम या बाहरी राजनीतिक चेहरे के सहारे अपनी ताकत दिखाने के बजाय खुद जनता के बीच पहुंच बनाने की है। कांग्रेस से जुड़कर वह संगठन में अपनी सक्रियता बढ़ाने के साथ ही क्षेत्र में अपना समर्थक वर्ग तैयार करना चाहते हैं।
नैनीताल विधानसभा में कांग्रेस के भीतर पहले से ही कई नेता और कार्यकर्ता अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में शीलू कुमार की आगामी गतिविधियां भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी समाजसेवी छवि और जनसंपर्क को राजनीतिक समर्थन में बदलने की होगी।
सामाजिक पहचान को
सियासी ताकत में बदलने की चुनौती
राजनीति में केवल सक्रियता ही नहीं, बल्कि जनता के बीच लगातार मौजूदगी और विश्वास भी महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में शीलू कुमार के आगामी व्यक्तिगत कार्यक्रम उनकी राजनीतिक दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। अब देखना होगा कि वह अपने जनसंपर्क अभियान के जरिए नैनीताल विधानसभा में कितनी मजबूत पकड़ बना पाते हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



