- सालों से जमा बसों का कूड़ा नहीं उठा, स्थानीय लोगों ने विभाग से की निस्तारण की मांग
भवाली। फरसौली स्थित रोडवेज कार्यशाला में लंबे समय से कूड़े का ढेर लगा हुआ है। कार्यशाला परिसर में जमा कूड़े का निस्तारण नहीं होने से आसपास के क्षेत्र में गंदगी फैल रही है। इससे स्थानीय लोगों में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ने लगा है। हैरानी की बात यह है कि इसी कार्यशाला से प्रतिदिन देहरादून, दिल्ली, आगरा सहित विभिन्न पर्वतीय मार्गों पर रोडवेज बसों का संचालन होता है, लेकिन परिसर में सफाई व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। स्थानीय निवासी हिमांशु भट्ट और कन्नू लोशाली ने बताया कि रोडवेज बसों से निकलने वाला कूड़ा वर्षों से कार्यशाला परिसर में एकत्र किया जा रहा है। लंबे समय से कूड़े का निस्तारण नहीं होने के कारण अब आसपास के लोगों को दुर्गंध और बीमारी फैलने का खतरा सता रहा है। उन्होंने रोडवेज प्रबंधन से जल्द कूड़ा हटवाकर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। जल्द कूड़े का निस्तारण नहीं किया गया तो मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। रोडवेज एआरएम विजय तिवारी ने बताया कि कूड़ा उठाने के लिए कई बार संबंधित विभाग से संपर्क किया गया है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से क्षेत्र में नहीं आने की बात कही जाती है। उन्होंने कहा कि कूड़ा उठाने के लिए एक बार फिर संबंधित विभाग से बात की जाएगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



