भवाली। नगर के भीमताल रोड स्थित नगारिगांव क्षेत्र में मंगलवार को एक मोर दिखाई देने से लोगों में उत्सुकता फैल गई। पहाड़ी क्षेत्र में मोर की मौजूदगी को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपने कैमरों में इस दुर्लभ नजारे को कैद किया। स्थानीय निवासी संजय जोशी ‘नन्ना’ ने बताया कि उनके घर के समीप स्थित तारा माता मंदिर के पास मोर काफी देर तक बैठा रहा। इसके बाद वह उड़कर पास के पेड़ पर जा बैठा। उन्होंने बताया कि नगारिगांव और आसपास के पहाड़ी क्षेत्र में पहली बार मोर दिखाई दिया है। मोर के पहाड़ में पहुंचने की खबर फैलते ही लोगों में इसे देखने की उत्सुकता बढ़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि आमतौर पर मैदानी क्षेत्रों में पाए जाने वाले मोर का पहाड़ी इलाके में दिखाई देना क्षेत्र के लिए आकर्षण का विषय बन गया है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

