नैनीताल। मल्लीताल क्षेत्र में स्थित ब्रॉडवे होटल की पानी की टंकियों से लगातार हो रहे ओवरफ्लो और गंदगी की शिकायत पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों की संयुक्त टीम मौके पर भेजी। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर होटल पर कुल 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि जल संयोजन भी काट दिया गया।
टण्डन परिवार और डण्डरियाल परिवार सहित स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर बताया था कि ब्रॉडवे होटल की टंकियों से लगातार पानी बहने के कारण उनके घरों में सीलन और पानी भराव की समस्या बढ़ रही है। साथ ही ब्रॉडवे होटल और नीलम राज होटल द्वारा रास्ते में गंदगी फैलाने की भी शिकायत की गई थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने राजस्व विभाग, जल संस्थान, पर्यटन विभाग और नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर निरीक्षण के निर्देश दिए। शुक्रवार को हुई जांच में पाया गया कि ब्रॉडवे होटल की छत पर लगी टंकी से लगातार पानी बह रहा था, जिससे पानी का दुरुपयोग हो रहा था।
कार्रवाई के दौरान जल संस्थान ने होटल का जल संयोजन तत्काल प्रभाव से विच्छेदित कर 5 हजार रुपये का चालान किया। वहीं पर्यटन विभाग ने 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। नगर पालिका परिषद ने गंदगी फैलाने पर 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार नैनीताल अक्षय भट्ट, जल संस्थान के सहायक अभियंता, नगर पालिका के सफाई निरीक्षक तथा पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

