भवाली। कुमाऊं विश्वविद्यालय के रामगढ़ स्थित महादेवी वर्मा सृजनपीठ के निदेशक एवं डीएसबी परिसर के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. शिरीष कुमार मौर्य ने कहा कि जीवन की तरह साहित्य और संपादन में भी कट्टरता से बुरी बात कुछ नहीं होती। सभी तरह की कट्टरताएं मनुष्यता के विरोध में जाती हैं। सभी विचारधाराओं में अंततः मनुष्यता ही सर्वोपरि होनी चाहिए। वह दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज में आयोजित ‘लेखक से भेंट’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद कर रहे थे। प्रो. मौर्य ने कहा कि साहित्य पढ़ना जिम्मेदारी का काम है। साहित्य के माध्यम से इतिहास, भूगोल, दर्शन, राजनीति, मनोविज्ञान और समाज समेत जीवन के तमाम पहलुओं को समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि साहित्य की राजनीति नहीं, बल्कि सामाजिकी होती है। साहित्य का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए करना उसके व्यापक स्वरूप को सीमित करना है। साहित्य को किसी बंधन या सीमा में नहीं बांधा जा सकता।
विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कविता को अपने जीवन का महत्वपूर्ण संबंध बताया। कहा कि एक समय कविता उनके लिए विरोध का माध्यम थी, लेकिन धीरे-धीरे वह संबंध में बदल गई। ऐसा संबंध, जो मनुष्यता को बनाने और बचाने का काम करता है। आलोचना के सवाल पर उन्होंने कहा कि जीवन को किसी भी रूप और शिल्प में अभिव्यक्त करना साहित्य है और उस पर संवाद करना ही उनके लिए आलोचना है।
पत्रिका संपादन के अनुभव साझा करते हुए प्रो. मौर्य ने कहा कि किसी भी पत्रिका का स्वरूप लोकतांत्रिक होना चाहिए। राजनीतिक एजेंडे के तहत संपादन करना उचित नहीं है। संपादक जिद्दी और हठी हो सकता है, लेकिन कट्टर नहीं। उन्होंने प्रसिद्ध पत्रिका ‘पहल’ के संपादक ज्ञानरंजन का उदाहरण देते हुए कहा कि वह जिद्दी जरूर थे, लेकिन कट्टर नहीं थे।
कार्यक्रम में प्रो. मौर्य ने अपनी चर्चित कविता पुस्तकों ‘राग पूरबी’ और ‘धर्म वह नाव नहीं’ से चुनिंदा कविताओं का पाठ किया। उनकी कविताओं को श्रोताओं ने खूब सराहा। इस दौरान हिंदी विभाग की हस्तलिखित पत्रिका ‘हस्ताक्षर’ के 28वें अंक का लोकार्पण भी किया गया। पत्रिका की संपादक प्रो. रचना सिंह ने बताया कि इस अंक का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा कवि-कथाकार विष्णु नागर का लिया गया विस्तृत साक्षात्कार है। इसके अलावा विद्यार्थियों की अन्य रचनाएं भी इसमें शामिल हैं।
इससे पूर्व विभाग प्रभारी प्रो. पल्लव ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि भूमंडलीकरण के बाद उभरी नई पीढ़ी के कवियों में प्रो. शिरीष कुमार मौर्य प्रमुख नाम हैं। उन्होंने कविता के साथ आलोचना के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण हस्तक्षेप किया है। इस अवसर पर प्रो. बिमलेन्दु तीर्थंकर ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और डॉ. नीलम सिंह ने पौधा भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संयोजन सरस्वती चौधरी और कुलदीप ने किया, जबकि लेखक परिचय अमरजीत ने दिया। पत्रिका के लोकार्पण में विद्यार्थी संपादक मंडल के सदस्य रोहित, अमित कुमार मीना, अक्षुण्ण पाठक, सौरभ आनंद, पूजा धनखड़, कृति कुमारी, निशु कुमारी, अक्षरा मिश्रा और डॉ. रूपाली सिन्हा शामिल रहे। अंत में रवितान्या और अम्बर सिंह ने अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



