भैया दूज पर सुरक्षा को लेकर अलर्ट रही नैनीताल पुलिस, जिलेभर में चला चेकिंग अभियान
भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस, सीपीयू व बीडीएस की संयुक्त टीमों ने संभाला मोर्चा
नैनीताल। भैया दूज पर्व के मद्देनजर आमजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड पर रही। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर बुधवार को जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना पुलिस, यातायात पुलिस, सीपीयू और बीडीएस की संयुक्त टीमों ने प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच करने तथा यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
पर्व के दौरान सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस और सीपीयू की तैनाती की गई। वहीं बीडीएस टीम ने भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों की जांच की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
नैनीताल पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को देने को कहा है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



