नैनीताल में वन विभाग और एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, गुलदार की खाल व हड्डियों संग तस्कर गिरफ्तार
- नैनीताल-किलबरी- पंगोट मार्ग पर घेराबंदी, छह माह पुरानी होने की आशंका
- बागेश्वर से चल रहा था तस्करी का नेटवर्क, अन्य लोगों की तलाश तेज
नैनीताल। नैनीताल में वन विभाग और उत्तराखंड एसटीएफ की संयुक्त टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो गुलदार की खाल और भारी मात्रा में गुलदार की हड्डियां बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई शुक्रवार को नैनीताल-किलबरी-पंगोट मोटर मार्ग पर की गई
यह अभियान डीएफओ आकाश गंगवार तथा एसडीओ ममता चंद के निर्देशों पर चलाया गया। नगर पालिका और नैना रेंज के वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की, प्राणी उद्यान नैनीताल के वन क्षेत्राधिकारी आनंद लाल आर्या के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने उत्तराखंड एसटीएफ के साथ मिलकर तस्कर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त कपकोट, बागेश्वर निवासी महेश सिंह कपकोटी पुत्र स्व. जसवंत सिंह है। प्रारंभिक जांच में बरामद गुलदार की खाल और हड्डियों के लगभग छह माह पुराने होने की संभावना जताई जा रही है। वन विभाग को लंबे समय से बागेश्वर क्षेत्र से वन्यजीव अंगों की तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं, जिस पर गोपनीय रूप से टीम को लगाया गया था। जानकारी के अनुसार आरोपी खालों को किसी बाहरी पार्टी को बेचने के लिए नैनीताल पहुंचा था। इसी दौरान टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से वन्यजीव अंगों की तस्करी में लिप्त था। विस्तृत पूछताछ के बाद यह स्पष्ट होगा कि शिकार कब, कहां और किस जंगल क्षेत्र में किया गया। गुलदार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची एक में शामिल संरक्षित प्रजाति है। इसका शिकार और अवैध व्यापार गंभीर अपराध है। आरोपी के खिलाफ नगरपालिका फॉरेस्ट रेंज नैनीताल में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। इस कार्रवाई में वन विभाग से वन दरोगा विमला नगरकोटी, वन दरोगा कुमार सौरभ, वन आरक्षी राजेंद्र कुमार वर्मा, गोविंद सिंह समेत नैना और नगर पालिका रेंज की टीम शामिल रही। वहीं एसटीएफ टीम से निरीक्षक एमपी सिंह, उप निरीक्षक बृजभूषण गुरुरानी, उप निरीक्षक प्रकाश भगत, मुख्य आरक्षी गोविंद सिंह बिष्ट, जगपाल सिंह, रियाज अख्तर तथा आरक्षी मोहित वर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

