भवाली में विधिक जागरूकता कार्यशाला आयोजित

ख़बर शेयर करें

– महिलाओं को दिए कानूनी अधिकारों की जानकारी

भवाली। नगर पालिका हॉल में शनिवार को आयोजित विधिक जागरूकता कार्यशाला में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों एवं विभिन्न विधिक प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव पारुल थपलियाल ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की और उन्हें नशे से दूर रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक असर डालता है। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व दर्जा राज्यमंत्री खष्टी बिष्ट तथा नगर पालिका अध्यक्ष पंकज कुमार और अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जागरूकता कार्यशालाएं समय समय पर आयोजित की जानी चाहिए, जिससे आमजन में कानून के प्रति जागरूकता बढ़े और लोग अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कोर्डिनेटर कुमारी रितु ने किया। कार्यशाला में उपस्थित महिलाओं ने उपयोगी विधिक जानकारी प्रदान करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया। इस दौरान इंद्र कपिल, मनोज तिवारी, गणेश भट्ट, धनी दुमका, प्रभा भाकुनी, रचना आर्या, ममता, सुमन आदि रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page