भवाली में अवैध पानी कनेक्शन विवाद पर किसान मोर्चा अध्यक्ष ने पुलिस से सुरक्षा मांगी

ख़बर शेयर करें

भवाली। नगर के कहलक्वीरा क्षेत्र में अवैध पानी कनेक्शन को लेकर विवाद बढ़ गया है। किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष नंद किशोर पाण्डे ने एक बिल्डर पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली भवाली में तहरीर दी है।
गुरुवार को दी गई तहरीर में कहलक्वीरा वार्ड नंबर 6 निवासी नंद किशोर पाण्डे ने बताया कि क्षेत्र में एक भवन निर्माण कार्य चल रहा है, जहां बिना जल संस्थान के वैध कनेक्शन के पानी का उपयोग किया जा रहा था। आरोप है कि निर्माण कार्य के चलते आसपास के छह से सात परिवारों को लंबे समय से पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
पाण्डे के अनुसार क्षेत्रवासियों की शिकायत पर उन्होंने जल संस्थान के अवर अभियंता गोपाल कार्की को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची टीम ने जांच में पानी का कनेक्शन अवैध पाया, जिसके बाद उसे तत्काल काट दिया गया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अवैध कनेक्शन कटने के बाद संबंधित बिल्डर द्वारा उन्हें पिछले दो दिनों से जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पाण्डे ने पुलिस से स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई तथा गर्मियों के दौरान निर्माण कार्य रुकवाने की भी मांग की है।
कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि पुलिस ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page