आईजी कुमाऊं ने बेतालघाट थाने का किया निरीक्षण, निर्माणाधीन भवन में सुरक्षा व सुविधाओं के दिए निर्देश
भवाली/बेतालघाट। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती ने शुक्रवार को बेतालघाट थाना एवं निर्माणाधीन नए थाना भवन का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, अभिलेखों और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने थाने में लंबित विवेचनाओं का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, ऑनलाइन पोर्टलों को नियमित अपडेट रखने तथा आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाना कार्यालय, आगंतुक कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, मालखाना, हवालात और बैरकों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत का त्वरित निस्तारण हो ताकि लोगों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही थानाध्यक्ष को लंबित विवेचनाओं को निष्पक्षता और गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद आईजी ने निर्माणाधीन थाना भवन एवं परिसर का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने परिसर की बाउंड्री के आसपास सघन पौधरोपण कराने, महिला एवं पुरुष हवालात में बेहतर सुरक्षा और वेंटिलेशन के लिए अतिरिक्त खिड़कियां लगाने, थाना प्रभारी कक्ष में पारदर्शी खिड़की की व्यवस्था करने तथा पुलिस कर्मियों की सुविधा के लिए बैरकों में एग्जॉस्ट फैन लगाने के निर्देश दिए।
आईजी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं ताकि स्थानीय जनता और पुलिस कर्मियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त थाना भवन का जल्द लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान एसपी भवन रेवाधर मठपाल, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, थानाध्यक्ष विजय नेगी, सहायक अभियंता जयांक पांडे, भवन लिपिक दीपा मिराल सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

