आईवीआरआई मुक्तेश्वर में राज्यपाल करेंगे ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारंभ

ख़बर शेयर करें

आईवीआरआई मुक्तेश्वर में राज्यपाल करेंगे ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारंभ
वैज्ञानिक सम्मान समारोह में किसानों को बांटी जाएगी पशुपालन सामग्री, वैज्ञानिकों का होगा सम्मान
धारी। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) मुक्तेश्वर में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही वैज्ञानिक सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम संस्थान के सभागार में होगा, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल के आगमन के साथ होगी। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय पशु चिकित्सा धरोहर पुस्तकालय, पशु चिकित्सा धरोहर संग्रहालय, बकरी प्लेग, चेचक रोग एवं नीलसर्ना प्रयोगशाला सहित विभिन्न प्रयोगशालाओं और शीत कक्ष का निरीक्षण कराया जाएगा।
सभागार में पहुंचने पर वंदे मातरम् और राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उप महानिदेशक (पशु विज्ञान) एवं आईवीआरआई निदेशक डॉ. राघवेंद्र भट्टा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पशु विज्ञान विभाग के इतिहास एवं उपलब्धियों की जानकारी देंगे। वहीं संयुक्त निदेशक (शोध) डॉ. एसके सिंह स्वागत संबोधन करते हुए संस्थान की गतिविधियों से अतिथियों को अवगत कराएंगे।
समारोह में ‘खेत बचाओ अभियान’ का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर किसानों को पशुपालन सामग्री का वितरण किया जाएगा तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले वैज्ञानिकों को राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा। राज्यपाल का संबोधन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा।
कार्यक्रम के समापन पर राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया जाएगा।
आईवीआरआई मुक्तेश्वर में होने वाला यह आयोजन कृषि, पशुपालन और वैज्ञानिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संस्थान प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page