बुद्ध पूर्णिमा पर चोरसा में लगा निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर

ख़बर शेयर करें

भवाली। बुद्ध पूर्णिमा (साका-दावा) के पावन अवसर पर श्री रत्न एवं ज्ञान चैरिटेबल ट्रस्ट, देहरादून के तत्वावधान में साधना ध्यान उपवन (द्रुबद्र समतेन गत्सल) रिट्रीट सेंटर, चोरसा में निःशुल्क आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों एवं जरूरतमंद लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों की जांच कर मरीजों को निःशुल्क परामर्श दिया। विशेष रूप से बवासीर, भगन्दर, फिशर, पाइलोनाइडल साइनस, रेक्टल प्रोलैप्स सहित अन्य एनोरेक्टल रोगों के साथ-साथ उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों के दर्द, नेत्र रोग एवं अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
चिकित्सा शिविर में आयुष विंग सतबुंगा की डॉ. हेमलता पांगती, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हवालबाग (अल्मोड़ा) के चिकित्सा अधिकारी डॉ. फुर्बू सिंह खम्पा तथा एनोरेक्टल एवं क्षारसूत्र विशेषज्ञ डॉ. विधि खीमाल ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के सफल संचालन में सहयोगी स्टाफ के रूप में जमुना प्रसाद और रमेश लाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार एवं रोगों की रोकथाम के उपायों के बारे में भी जानकारी दी। ग्रामीणों ने दूरस्थ क्षेत्र में इस प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ट्रस्ट एवं चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया।आयोजक आनंद लामा ने बताया कि समाज के कमजोर एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने भविष्य में भी स्वास्थ्य एवं समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रमों को जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। इन दौरान ग्राम प्रधान किशोर ढेला आदि रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page