त्योहारों से पहले खाद्य विभाग का छापा, पनीर-मिठाइयों के लिए नमूने
हल्द्वानी। आगामी रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को हल्द्वानी में विशेष अभियान चलाकर विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने पनीर, बताशा/बतीसा, पेड़ा और रसगुल्ला के नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेजा जाएगा।
माननीय मुख्यमंत्री के आदेश तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में चलाए गए अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाना और लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना रहा।
निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान में खाद्य स्वच्छता और साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। इस पर संबंधित खाद्य कारोबारी को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी नैनीताल अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी/नैनीताल सर्किल अभय कुमार सिंह समेत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौजूद रही।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

