राजकीय महाविद्यालय दोषापानी में उद्यमिता और दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित

ख़बर शेयर करें

भवाली। राजकीय महाविद्यालय दोषापानी में सोमवार को देवभूमि उद्यमिता ओरिएंटेशन प्रोग्राम, बीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का दीक्षारंभ कार्यक्रम तथा अखिल भारतीय शिक्षा समागम से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अजरा परवीन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
देवभूमि उद्यमिता ओरिएंटेशन कार्यक्रम में ईडीआई अहमदाबाद के प्रशिक्षक भूपेंद्र सिंह मेहरा ने छात्र-छात्राओं को उद्यमिता, स्वरोजगार और विभिन्न कौशल विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पहाड़ की परिस्थितियों और स्थानीय संसाधनों को उद्यमिता से जोड़ते हुए स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में विस्तार से बताया। इसके बाद विद्यार्थियों के देवभूमि उद्यमिता प्रशिक्षण से जुड़े कार्यों का मूल्यांकन भी किया गया।इसके पश्चात बीए प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति की जानकारी देते हुए महाविद्यालय में नियमित रूप से अनुशासन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही रैगिंग से संबंधित नियमों और उसके दुष्परिणामों के बारे में भी जानकारी दी गई।कार्यक्रम में अखिल भारतीय शिक्षा समागम से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित की गईं। देवभूमि उद्यमिता की नोडल अधिकारी डॉ. कविता पंत, एबीएसएस की नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी डॉ. अनीता नेगी और डॉ. भुवन तिवारी सहित डॉ. रेणु जलाल, डॉ. दिशा पांडे और डॉ. प्रभदीप मौजूद रहे। पूर्व छात्र संजय डंगवाल, अंजू, गुंजन और पूजा के साथ कार्यालय से मोहन चंद्र सनवाल, हरि प्रसाद पंत, चंदन कुमार, तुलसी प्रसाद भट्ट और गणेश बिष्ट ने कार्यक्रम के आयोजन में सक्रिय सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में देवभूमि उद्यमिता कार्यक्रम से जुड़े छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रमाण पत्र वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page