भोजन माताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आर्थिक शोषण बर्दाश्त नहीं, खष्टी बिष्ट
- सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो महिला कांग्रेस आंदोलन में उतरेगी
भवाली। प्रदेशभर में मानदेय और अन्य भत्तों में बढ़ोतरी की मांग को लेकर भोजन माताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन तेज हो गया है। आंदोलनरत कर्मचारियों को समर्थन देने पहुंचीं जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष खष्टी बिष्ट ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण, बाल विकास और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिलाओं का आर्थिक शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भोजन माताओं को महज तीन हजार रुपये और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नौ हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच इतनी कम राशि में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों ने कई बार अपनी मांगें सरकार के सामने रखीं, लेकिन उन्हें अब तक आश्वासन और तारीखों के अलावा कुछ हासिल नहीं हुआ। खष्टी बिष्ट ने कहा कि आरके सुधांशु समिति की रिपोर्ट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, भोजन माताओं और आशा वर्करों के मानदेय में बढ़ोतरी की सिफारिश की गई थी। इसके बावजूद सरकार और विभागों के बीच खींचतान के चलते कर्मचारियों की मांगें लंबित हैं। उन्होंने हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में आंदोलनरत महिलाओं के बीच पहुंचकर उनकी मांगों को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों के सर्वेक्षण, सेवाओं और जमीनी स्तर पर सक्रियता के बिना शिक्षा, बाल विकास और महिला कल्याण से जुड़े विभागों का कामकाज प्रभावित हो सकता है। इसके बावजूद सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने चेताया कि यदि समय रहते उचित मानदेय और अन्य सुविधाएं नहीं दी गईं तो महिला कांग्रेस आंदोलन में कंधे से कंधा मिलाकर उतरेगी और कर्मचारियों के हक की लड़ाई लड़ेगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



