डीएम ललित मोहन रयाल ने विकास योजनाओं की समीक्षा की, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
हल्द्वानी।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मंगलवार को सर्किट हाउस हल्द्वानी में जिले में संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिला, राज्य एवं केंद्र पोषित योजनाओं के साथ-साथ 20-सूत्री और 25-सूत्री कार्यक्रमों की सेक्टरवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवंटित धनराशि का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के लिए किया जाए तथा सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरे हों। खराब गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं से वसूली की जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने और प्रत्येक कार्यस्थल पर साइट इंजीनियर की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि, उद्यान और सहकारिता विभाग को किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक और कृषि यंत्र उपलब्ध कराने तथा सिंचाई विभाग को नहरों और गूलों की समय पर मरम्मत करने को कहा।
मानसून को पौधारोपण के लिए उपयुक्त बताते हुए वन, कृषि, उद्यान, सहकारिता, भेषज और विकास विभाग को शत-प्रतिशत लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण करने के निर्देश दिए गए। वहीं उरेडा विभाग को मानव-वन्यजीव संघर्ष वाले क्षेत्रों, जंगल से सटे गांवों और शैडो एरिया में प्राथमिकता के आधार पर सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान बेतालघाट में लोक निर्माण विभाग रामनगर खंड द्वारा करीब 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित ट्रॉली के अब तक संचालित न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
20-सूत्री एवं 25-सूत्री कार्यक्रमों की समीक्षा में डीएम ने कम प्रगति वाले विभागों को विशेष अभियान चलाकर लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने तथा डी श्रेणी में चल रहे विभागों को ए श्रेणी में लाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित कार्यों का 15 दिनों के भीतर निस्तारण करने और अगली समीक्षा बैठक में अद्यतन आंकड़ों के साथ उपस्थित होने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक डीआरडीए शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

