जिलाधिकारी ने जिले के नगर निकाय को दिए सख्त निर्देश

ख़बर शेयर करें

बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नगर निगम हल्द्वानी सहित जिले के सभी नगर निकाय क्षेत्रों में अलाव जलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ठंड से आमजन, विशेषकर निराश्रित और असहाय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए जाएं।
जिलाधिकारी ने धर्मशालाओं, रैनबसेरों, पड़ावों, सरायों, चौराहों, रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डों जैसे सार्वजनिक और प्रमुख स्थानों पर अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने निराश्रित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क कंबल वितरित करने के भी आदेश दिए।
ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न नगर निकायों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। नगर निगम हल्द्वानी के लिए सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट तथा नगर पालिका नैनीताल के लिए अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। अन्य नगर निकायों के लिए भी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में समय-समय पर सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था एवं रैनबसेरों का निरीक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ठंड से किसी भी व्यक्ति की मृत्यु न हो, इसके लिए रैनबसेरों सहित अन्य आश्रय स्थलों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं और जरूरतमंदों को तत्काल कंबल उपलब्ध कराए जाएं।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page