कैंची धाम के ओम पुल को लेकर पीएमओ तक पहुंची नाराजगी

ख़बर शेयर करें

श्री कैंची धाम होटल एसोसिएशन के बाद सामाजिक कार्यकर्ता पूरन ब्रजवासी ने प्रधानमंत्री कार्यालय को किया ट्वीट, निर्माण की समीक्षा की मांग

भवाली। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में निर्माणाधीन ओम पुल को लेकर अब स्थानीय स्तर की नाराजगी प्रधानमंत्री कार्यालय पीएमओ तक पहुंच गई है। भीमताल के सामाजिक कार्यकर्ता पूरन ब्रजवासी ने प्रधानमंत्री कार्यालय को ट्वीट कर कैंची धाम में चल रहे निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि निर्माण संबंधी समस्याओं का समाधान कर आम जनता और श्रद्धालुओं की नाराजगी दूर की जानी चाहिए।
इधर श्री कैंची धाम होटल एसोसिएशन अध्यक्ष भुवन तिवारी भी ओम पुल के निर्माण को लेकर पहले ही आपत्ति जता चुके हैं। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुल की आवश्यकता से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन निर्माण का स्वरूप ऐसा नहीं होना चाहिए, जिससे कैंची धाम मंदिर का बड़ा हिस्सा ढक जाए और इसकी प्राकृतिक एवं धार्मिक सुंदरता प्रभावित हो।
उन्होंने कहा कि मंदिर के सामने भारी-भरकम कंक्रीट ढांचा खड़ा होने से धाम का मूल स्वरूप प्रभावित हो रहा है। पहाड़ से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक पहले दूर से ही कैंची धाम मंदिर की सुंदरता का दर्शन कर लेते थे, लेकिन निर्माणाधीन पुल के कारण मंदिर का काफी हिस्सा नजर नहीं आ रहा है।
भुवन तिवारी ने कहा कि महाराज द्वारा बनाया गया पुराना पुल आज भी श्रद्धालुओं के आवागमन में उपयोगी है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु इससे मंदिर पहुंचते हैं। उनका कहना है कि नए पुल के निर्माण में धार्मिक भावनाओं और धाम की वास्तु एवं प्राकृतिक सुंदरता का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि निर्माणाधीन पुल की ऊंचाई मंदिर से अधिक दिखाई दे रही है और पुल पर बनाया गया ‘ओम’ का स्वरूप भी देखने में उल्टा प्रतीत हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में असंतोष है। उन्होंने सरकार और संबंधित निर्माण विभाग से पूरे निर्माण की समीक्षा कर आवश्यक बदलाव करने की मांग की।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page