देहरादून। एनसीसी मिनिस्ट्रियल अधिकारी एवं कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री सुरजीत सिंह गांधी से शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एनसीसी से संबंधित प्रशासनिक एवं संगठनात्मक विषयों, राज्य कर्मचारियों की समस्याओं, उनके समयबद्ध समाधान तथा संगठन व शासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विचार-विमर्श हुआ।
प्रतिनिधिमंडल में संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष श्री नवीन सिंह ढैला, उपाध्यक्ष श्री रवि कपूर, कोषाध्यक्ष श्री जावेद अहमद एवं सहसचिव श्री भुवन भास्कर बिष्ट शामिल रहे।
आयोग अध्यक्ष श्री सुरजीत सिंह गांधी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि कर्मचारी हित एवं राज्य हित से जुड़े सभी मामलों में आयोग पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों से संबंधित कोई समस्या उत्पन्न हो तो संगठन इसे आयोग के संज्ञान में लाए, जिससे नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
श्री गांधी ने विशेष रूप से जोर दिया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित अल्पसंख्यक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एनसीसी कैडेटों एवं विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाए, ताकि पात्र लाभार्थी इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठा सकें। उन्होंने आगामी एनसीसी शिविरों में इन योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता कार्यक्रमों के लिए आयोग की ओर से पूर्ण सहयोग देने का भी आश्वासन दिया।
नैनीताल ग्रुप मुख्यालय के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एवं संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष श्री नवीन सिंह ढैला सहित सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे कैडेटों एवं विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं से अवगत कराकर उन्हें लाभान्वित होने के लिए प्रेरित करें।
बैठक सौहार्दपूर्ण व सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई। अंत में प्रांतीय अध्यक्ष श्री नवीन सिंह ढैला ने आयोग अध्यक्ष श्री सुरजीत सिंह गांधी का मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा उपाध्यक्ष श्री रवि कपूर के विशेष योगदान की सराहना की।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

