मुख्यमंत्री ने अपनी माता बिशना देवी को प्रयागराज संगम में स्नान कराया

ख़बर शेयर करें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को प्रयागराज महाकुंभ में त्रिवेणी संगम पर सपरिवार स्नान किया। उन्होंने पतित पावनी मां गंगा, यमुना और सरस्वती के पूजन के साथ सभी देवों का आह्वान कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि तथा प्रदेश की उन्नति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री धामी प्रयागराज दौरे के दूसरे दिन सुबह त्रिवेणी संगम पहुंचे और काफी देर तक स्नान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महाकुंभ शताब्दियों से अपनी अक्षुणता बनाए रखते हुए सनातन धर्म की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्ता के माध्यम से करोड़ों लोगों को धर्म एवं संस्कृति से जोड़ता रहा है। महाकुंभ का पर्व केवल आध्यात्मिक चेतना का ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और विश्व बंधुत्व का प्रतीक है। विश्व का यह महान पर्व सदियों से मानवता, समरसता तथा नैतिक मूल्यों की प्रेरणा देकर विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता रहा है।

उन्होंने अपनी मां बिशना देवी को स्नान कराया और इसे अपने जीवन का अमूल्य एवं भावुक क्षण बताते हुए कहा कि वेदों, शास्त्रत्तें और पुराणों में उल्लेखित है कि कोई भी जीव अपनी माता के ऋण से उऋण नहीं हो सकता, माता से ही हमारा अस्तित्व जुड़ा है।

धामी कहा कि इस दिव्य अवसर पर उन्हें यह भी अनुभूति हुई है कि मां केवल जन्मदात्री ही नहीं बल्कि सजीव तीर्थ के समान है। उनकी सेवा और सम्मान से जीवन में सभी पुण्य फलीभूत होते हैं। उन्होंने कहा कि यह भावपूर्ण क्षण उनके लिए सनातन संस्कृति परंपरा और मातृ भक्ति का सजीव स्वरूप प्रस्तुत करने वाला है।

Join WhatsApp Group
Ad Ad

You cannot copy content of this page