नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों पर आज लगेगी मुहर

ख़बर शेयर करें

भारतीय जनता पार्टी की चुनाव संचालन समिति गुरुवार को नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों पर मुहर लगाएगी। जबकि महापौर के लिए गठित तीन नामों के पैनल को संस्तुति के साथ हाई कमान को भेजा जाएगा।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुधवार को गढ़वाल मंडल के पांच जिलों के निकाय प्रत्याशियों के लिए तीन नामों पर पैनल तैयार किया गया। जबकि कुमाऊं व गढ़वाल के दो जिलों के 57 निकायों के लिए मंगलवार को ही पैनल गठित कर दिया गया था। पार्टी की ओर से दो दिनों तक पर्यवेक्षकों, विधायकों और जिला संगठन के पदाधिकारियों के साथ विचार विमर्श के बाद राज्य के सभी निकायों के लिए तीन तीन नामों का पैनल गठित कर दिया गया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने बताया कि गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी की चुनाव संचालन समिति की बैठक होगी। जिसमें सभी पैनलों पर एक बार फिर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर पालिका और नगर पंचायतों के लिए गठित किए गए पैनल पर चर्चा के बाद प्रत्याशी पर निर्णय ले लिया जाएगा।

पार्षद प्रत्याशियों की सूची तैयार

भाजपा सूत्रों ने बताया कि नगर निगम पार्षद उम्मीदवारों पर भी फैसला हो चुका है और जल्द ही पार्टी की ओर से सूची जारी कर दी जाएगी। सूत्रों के अनुसार सभी नगर निगमों के लिए पार्षदों के नाम फाइनल किए जा चुके हैं और अब इस संदर्भ में सिर्फ सूची जारी होना बाकी है। गुरुवार देर सांय को भी पार्षदों की सूची जारी की जा सकती है।

सांसदों के साथ भी होगी पैनल पर चर्चा

भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने बताया कि पार्टी की ओर से राज्य के सभी निकायों के लिए तैयार किए गए पैनल पर सभी सांसदों के साथ भी चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालय में इस संदर्भ में गुरुवार को बैठक आयोजित की जाएगी। विदित है कि पैनल बनाते समय पार्टी की ओर से सभी विधायकों से भी राय ली गई है। इसके बाद अब सांसदों के साथ भी चर्चा की जाएगी।

महापौर पर हाई कमान लेगा निर्णय

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों का चयन राज्य की चुनाव संचालन समिति करेगी। जबकि राज्य के सभी महापौर प्रत्याशियों का ऐलान केंद्रीय हाई कमान की ओर से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य की चुनाव संचालन समिति में महापौर के लिए गठित किए गए पैनल पर चर्चा होगी और उसके बाद संस्तुति के साथ उसे हाई कमान को भेज दिया जाएगा।

भाजपा ने सभी निकायों के लिए प्रत्याशियों का पैनल तैयार कर लिया है। गुरुवार को चुनाव संचालन समिति में पैनल रखी गई है। पार्टी जल्द ही निकाय प्रत्याशियों का ऐलान करेगी।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page