भवाली। रामगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरतोला में दबंगों द्वारा दिनदहाड़े हरे पेड़ों की अवैध कटाई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना ने वन विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार हरतोला गांव में खरसू और बांज के तीन हरे पेड़ों को आरा मशीन से काट दिया गया। स्थानीय निवासी विशाल कौशल ने बताया कि ये पेड़ उन्होंने स्वयं लगाए थे, जिन्हें कुछ लोगों ने निजी स्वार्थ के चलते काट दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी 14 नंबर की चार गाड़ियों में सवार कुछ लोग मौके पर पहुंचे और मात्र 15 से 20 मिनट के भीतर पेड़ों को काटकर गिरा दिया। घटना दिन के समय हुई, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। विशाल कौशल ने कहा कि एक ओर सरकार पर्यावरण संरक्षण और जंगल बचाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बाहरी लोग खुलेआम दबंगई दिखाते हुए हरे पेड़ों पर आरा चला रहे हैं। उन्होंने इस पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे।
यह घटना न केवल पर्यावरण संरक्षण के दावों की पोल खोलती है, बल्कि प्रशासनिक सतर्कता पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है। वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट ने बताया कि मामला संज्ञान में आया था टीम को भेजा गया था। जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

